मोबाइल टॉवर पर चौकीदार की ईंट-पत्थर से प्रहार कर निर्मम हत्या


 बेलांव गांव की सनसनीखेज वारदात, क्षेत्र में दहशत; पुलिस अलर्ट मोड पर


केराकत (जौनपुर)।केराकत थाना क्षेत्र के बेलांव गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में खौफ फैला दिया। मोबाइल टॉवर पर ड्यूटी कर रहे रोहित यादव (28 वर्ष) की करीब एक दर्जन अज्ञात हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से बेरहमी से प्रहार कर हत्या कर दी। हमलावर मोटरसाइकिल से पहुंचे थे और सभी ने चेहरे ढके हुए थे, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो गई है। 

 आरोप है कि हमलावरों ने रोहित यादव को टॉवर परिसर में घेर लिया और अचानक उस पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। बुरी तरह घायल रोहित जमीन पर गिर पड़ा और उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई। परिजन जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ हालत में उसे सीएचसी मुक्तिगंज ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

 घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, सीओ अजीत कुमार, और आसपास के चार थानों की पुलिस फौरन बेलांव गांव पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। रोहित की मौत की खबर से परिवार और गांव में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीण और परिजनों ने देवकली–बेलांव मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। वे आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। बाद में पुलिस प्रशासन की समझाने के बाद जाम समाप्त कराया गया। 
 
एसपी सिटी आयुष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि “रोहित यादव के सिर पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है। मृतक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।” पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए सर्विलांस व स्थानीय सूत्रों की मदद से सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। 

 रोहित यादव की दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी और उसका एक साल का बेटा है। घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में मातम का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

Comments

Popular posts from this blog

जौनपुर :बरसठी में विवाहिता की रहस्यमयी मौत, पति सहित छह पर हत्या का मुकदमा

जौनपुर जिला अस्पताल में लगी अत्याधुनिक 32-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन

*बिजली बिल राहत योजना 1 दिसंबर से लागू*