जौनपुर को मिली शिक्षा की नई सौगात राज्य मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने किया केंद्रीय विद्यालय सत्र 2025-26 का शुभारंभ



मंत्री ने छात्रों को वितरित की शिक्षण किट, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उम्मीदें जगीं



जौनपुर जौनपुर के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक क्षण आया, जब  राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश श्री गिरीश चन्द्र यादव ने केंद्रीय विद्यालय, पयागपुर (जी.जी.आई.सी परिसर) के शैक्षणिक सत्र 2025-26 का विधिवत शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया।

इस अवसर पर उपआयुक्त केंद्रीय विद्यालय संगठन अजय कुमार मिश्रा और विद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रसाद वर्मा ने मंत्री तथा जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। प्राचार्य डॉ. वर्मा ने स्वागत भाषण दिया, जबकि विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को उल्लासमय बना दिया।

अपने संबोधन में राज्य मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि जौनपुर जैसे ऐतिहासिक और प्रतिभा संपन्न जनपद को केंद्रीय विद्यालय जैसी संस्था मिलना एक गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि जौनपुर के छात्र-छात्राएं आज विज्ञान, कृषि, प्रशासन, चिकित्सा, राजनीति सहित हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रहे हैं। अब केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत से विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुलभ होगी।

मंत्री ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री का विशेष रूप से आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास से ही किसी भी बड़े कार्य को सफल बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री द्वारा नवीन छात्रों को शिक्षण किट का वितरण किया गया और विभिन्न कक्षाओं में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया गया।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने भी इस अवसर पर कहा कि जौनपुर में केंद्रीय विद्यालय का संचालन शुरू होना जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, और इसके पीछे मंत्री जी का अथक परिश्रम और जनहित की भावना रही है। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन उपप्राचार्य अरुण कुमार सिंह ने किया, जबकि संचालन शिक्षिका शालिनी जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस शुभ अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट इन्द्रनन्दन सिंह, सहायक आयुक्त दिनेश चंद्र मीणा, जिला विद्यालय निरीक्षक, बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल, जीजीआईसी की प्राचार्या, रिजवी कॉलेज की प्राचार्य रुचि शर्मा, मनीष श्रीवास्तव, अजय सिंह, प्रदीप तिवारी, सीपीन सिंह, नंदलाल यादव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

कक्षा 9 के छात्र की संदिग्ध हालात में मौत, पेट्रोल पंप के पीछे मिला शव, गांव में फैली सनसनी

जनता का फोन उठाना अधिकारियों की जिम्मेदारी : सांसद -बाबू सिंह कुशवाहा

सपा का 26 जुलाई को आरक्षण दिवस पर संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा:-राकेश मौर्य*