देश की हर अदालत में लगे भगवान चित्रगुप्त की मूर्ति: सिद्धार्थ नाथ सिंह
“देश की हर अदालत में लगे भगवान चित्रगुप्त की मूर्ति: सिद्धार्थ नाथ सिंह
जौनपुर। श्री चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति जौनपुर द्वारा आयोजित सर्व समाज सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रयागराज पश्चिम सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त न्याय के देवता हैं, वे सबका लेखा-जोखा रखते हैं। इसलिए देश की हर अदालत में उनकी मूर्ति स्थापित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के जमाने से लगी क्वीन की मूर्ति को हटाया जाना चाहिए।
सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि विधायक वाराणसी कैंट सौरभ श्रीवास्तव ने दूरभाष पर कहा कि भगवान चित्रगुप्त सबको जोड़ने वाले हैं। वहीं महासमिति के अध्यक्ष मनोज अग्रहरी ने स्पष्ट किया कि वह किसी जातिगत संगठन के नहीं बल्कि धार्मिक संगठन के अध्यक्ष हैं और वैश्य समाज भी भगवान चित्रगुप्त पूजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगा।
महासमिति के संयोजक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सरस चन्द श्रीवास्तव ने घोषणा की कि शोभायात्रा 23 अक्टूबर को भगवान चित्रगुप्त मंदिर बारीनाथ से दोपहर 3 बजे निकलेगी और रूहट्टा मंदिर तक जाएगी, जिसमें सर्व समाज की हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे।
सम्मेलन को मेडिकल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय श्रीवास्तव, व्यापारी नेता रवीन्द्र अग्रहरि, कायस्थ महासभा, वैश्य समाज, ब्राह्मण महासभा, मौर्य समाज सहित कई सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने संबोधित किया और शोभायात्रा में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की।
अंत में, सम्मेलन का संचालन संस्थापक अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव बच्चा भईया एडवोकेट ने किया तथा आभार पूर्व प्रशासनिक अधिकारी राकेश श्रीवास्तव ने व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment