भाजपा कोर कमेटी की बैठक में एमएलसी प्रत्याशी को लेकर जानें क्या तय किया


समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य अहमद हसन के निधन और भारतीय जनता पार्टी के जयवीर सिंह द्वारा विधानसभा चुनाव लड़ने-जीतने के बाद उच्च सदन की दो सीटें रिक्त हो गई हैं। इन पर निर्वाचन के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दोनों सीटों पर भाजपा की जीत तय है, लेकिन अभी तक पार्टी प्रत्याशी तय नहीं कर सकी है। दावेदारों के नामों पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक में हुए मंथन के बाद पांच नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने का निर्णय लिया गया है।
भाजपा कोर कमेटी की बैठक गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर हुई। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए क्षेत्रीय-जातीय समीकरणों के अनुसार दावेदारों के नाम पर चर्चा की।
सूत्रों ने बताया कि भाजपा कोर कमेटी की बैठक में अधिक जोर इसी बात पर रहा है कि संगठन से ही उम्मीदवार तय किए जाएं। इनमें क्षेत्रीय अध्यक्ष और कुछ प्रदेश पदाधिकारी शामिल हैं। वर्तमान में ब्रज क्षेत्र से रजनीकांत माहेश्वरी, कानपुर से मानवेंद्र सिंह, काशी से महेश श्रीवास्तव, गोरखपुर से डा. धर्मेंद्र सिंह सैंथवार, अवध से शेषनारायण मिश्रा और पश्चिम से मोहित बेनीवाल अध्यक्ष हैं। बताया गया है कि इनमें से चार क्षेत्रीय अध्यक्षों के नामों पर चर्चा की गई है।
इसके अलावा पदाधिकारियों में प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, महामंत्री अमरपाल मौर्य, प्रियंका सिंह रावत और प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन सिंह के नाम विचार के लिए रखे गए। तय हुआ है कि इनमें से कुल पांच नामों का पैनल बनाकर अंतिम निर्णय के लिए केंद्रीय नेतृत्व के पास भेज दिया जाएगा। चूंकि, एक अगस्त को नामांकन की अंतिम तिथि है, इसलिए संभावना है कि एक-दो दिन में ही दोनों प्रत्याशी तय हो जाएंगे।
इसके अलावा कोर कमेटी की बैठक में प्रमुख विषय 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम का भी रहा। प्रदेश सरकार ने साढ़े चार करोड़ झंडे फहराने का लक्ष्य तय किया है। इनकी खरीद की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अधिक से अधिक घरों तक झंडा पहुंच सके, इसके लिए वितरण की व्यवस्था भी की गई है।
भाजपा कोर कमेटी की बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि राष्ट्र भावना के इस कार्यक्रम से अधिक से अधिक प्रदेशवासियों को जोड़ने के लिए संगठन भी पूरी मेहनत करेगा। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को घर-घर झंडा फहराने की जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। साथ ही शुक्रवार से चित्रकूट में शुरू हो रहे भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के संबंध में चर्चा की गई।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समापन प्रस्तावित है। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के संबंध में प्रशिक्षण के लिए केंद्रीय नेतृत्व की ओर से 15 बिंदु भेजे गए हैं।

Comments

Popular posts from this blog

भाजपा ने जारी की दूसरी सूची जानें किसे कहां से लड़ा रही है चुनाव देखे सूची

यूपी में सात चरण में मतदान, जानें किस चरण में कौन सीट का होगा मतदान

भीषण हादसा: स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन को रौदा, घटनास्थल पर तीनो की मौत